← Back to Listings

सेंट जाॅन्स स्कूल में ’विश्व नशा मुक्ति जागरूकता दिवस’ मनाया गया

Published on: June 26, 2018
News, Latest
आबूरोड, 26 जुन। सेंट जाॅन्स स्कूल प्राचार्या के अनुसार आज विद्यालय में ’विश्व नशा मुक्ति जागरूकता दिवस’ मनाया गया, जिसका पूर्ण संचालन विद्यालय की शिक्षिका माधुरी तिवारी द्वारा किया गया । इस अवसर पर नशे की बुराइयों व हानियों को प्रदर्शित करते हुए पोस्टर की प्रदर्शनी लगाई गई तथा उन्हें विद्यार्थियों को विस्तार से समझाया गया । धूम्रपान, तंबाकू, शराब, अफीम आदि हार्ड ड्रग्स के सेवन से स्वास्थ्य को होने वाली हानियों को बताया गया । नशे के कारण और निवारण तथा नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करते हुए लघुनाटिका, वीडियो आदि प्रदर्शन किया गया । विद्यार्थियों ने इस पर अपने विचार प्रकट किए तथा सभी ने इसमें बढ़-चढ़कर भाग लिया । ’उपचार से ज्यादा बचाव प्रमुख हैं’ तथा विद्यार्थी जीवन का उद्देश्य व्यसनों का सेवन नहीं वरन् विद्याभ्यास व ज्ञान अर्जन है, इस पर विशेष ध्यान दिया गया । प्राचार्या उमाश्याम जी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि ’’विद्यार्थीकाल मनुष्य जीवन की नींव है । हमें इसे हर प्रकार के नशे से दूर रहकर सुदृढ़ बनाना चाहिए । व्यसनों का सेवन किसी भी समाज और देश के लिए एक कलंक है। इससे दूर रहकर ही हम अपने समाज तथा देश को स्वस्थ सुखी व सम्पन्न बना पाएॅंगें।’’ कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने स्वयं नशा मुक्त करने तथा दूसरों को भी नशा मुक्त रहने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया ।