← Back to Listings

बोनी कपूर के बंगले की शोभा बढ़ा रहे है, सरूपगंज में बने मार्बल के गमले

Published on: December 13, 2021
Latest
सरूपगंज (किशोरसिंह देवड़ा) | फिल्म निर्माता और दिवंगत अभिनेत्री श्रीदेवी के पति सेलिब्रिटी बोनी कपूर के अंधेरी मुंबई स्थित उनके बंगले के गार्डन में लगे मार्बल के बड़े-बड़े प्लांटर गमले गार्डन की शोभा बढ़ा रहे हैं। स्थानीय लोगों के लिए यह बात इसलिए महत्व रखती है कि यह मार्बल प्लांटर गमले सरूपगंज स्थित एक मार्बल आर्टिकल कारखाने में स्थानीय कारीगरों द्वारा तराश कर तैयार किए गए हैं। सरूपगंज रीको क्षेत्र में स्थित आशापुरी मार्बल शिल्पकला के मालिक तेजाराम बंजारा ने बताया कि उन्हें किसी ब्रोकर के माध्यम से बोनी कपूर के गार्डन में लगाने के लिए दो प्लांटर गमले बनाने का आर्डर मिला था। उसे यहां कारखाने में स्थानीय कारीगरों से मार्बल से तैयार करवा कर ट्रक से मुंबई भेजा गया है। वर्तमान में ये दोनों गमले बोनी कपूर के बंगले के गार्डन की शोभा बढ़ा रहे हैं। तेजाराम बंजारा ने बताया कि दोनों गमलों की कीमत 1 लाख 40 हजार हैं।